मिलावट की आशंका में 341 किलो खाद्य सामग्री जब्त, श्री श्याम फूड एजेंसी की फैक्ट्री बंद
इंदौर | खबर सत्याग्रहदीपावली से पहले इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावट की आशंका के चलते बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी में मावा निर्माण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। मौके से करीब 341 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है, जब्त की गई। विभाग ने पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 12 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं।खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश मनोज पुष्प के निर्देशन और इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में दीपावली के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा दल ने घी, दुग्ध उत्पाद, मिठाई और नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के निर्माण से जुड़ी इकाइयों का निरीक्षण किया।दूध से फैट निकालकर बनाया जा रहा था मावाग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री श्याम फूड एजेंसी के निरीक्षण के दौरान दूध से फैट निकालकर उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जाता मिला। परिसर में वनस्पति तेल भी उपलब्ध था। विभाग ने परिस्थितियों के आधार पर मावे में मिलावट की आशंका जताई। हालांकि, मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही होगी।निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए उपयुक्त श्रेणी का खाद्य पंजीयन भी उपलब्ध नहीं पाया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 298 किलो मावा, 28 किलो वनस्पति और 15 किलो सूजी जब्त की गई। यहां से मावे के दो, वनस्पति का एक, सूजी का एक और स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक नमूना लिया गया। पंजीयन संबंधी कमी के चलते खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।चॉकलेट और जेली निर्माण में मिली गंदगीग्राम पालदा स्थित मार्बल्लो फूड प्रोडक्ट्स के निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के भंडारण और उत्पादन क्षेत्र में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं। स्टोरेज एरिया में कच्चे खाद्य पदार्थों का अनुचित भंडारण, उत्पादन क्षेत्र में जाले, जेली निर्माण क्षेत्र में गंदगी और नाली में जमा पानी पाया गया। उत्पादन क्षेत्र में शौचालय भी स्थित मिला। निर्यात के लिए तैयार किए जा रहे चॉकलेट कॉन्स के लेबल भी अपूर्ण पाए गए। विभाग ने आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी करने की कार्रवाई की है। यहां से जेली के दो नमूने लिए गए।अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए नमूनेखाद्य सुरक्षा दल ने ग्राम बढ़िया कीमा स्थित विनायक फूड एंड डेयरी इंडस्ट्रीज से लूज घी का एक नमूना तथा ग्राम धुलेट स्थित अग्नि डेयरी इंडस्ट्रीज से अग्नि घी, सपोरा घी और लूज बटर के तीन नमूने लिए।वहीं, ग्राम अहीरखेड़ी स्थित श्री कुंज इंटरप्राइजेज में सोनपापड़ी निर्माण और पैकिंग के दौरान पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र तथा भंडारण और साफ-सफाई से जुड़ी कमियां पाई गईं। यहां से सोनपापड़ी का एक नमूना लिया गया। विभाग द्वारा प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाईखाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।दीपावली के दौरान आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान निरीक्षण और नमूना संग्रहण का अभियान लगातार जारी रहेगा।
