कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार, मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के तहत 5 प्रकरण दर्ज
इंदौर। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला आबकारी विभाग ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 दोपहिया वाहनों सहित 99 बल्क लीटर अवैध देसी शराब जब्त की है। जब्त शराब और वाहनों की कुल कीमत 4 लाख 21 हजार 750 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके पर वाहन और शराब छोड़कर फरार हो गए।कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश तथा सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में आबकारी विभाग की छावनी एवं पलासिया वृत्त की टीम ने मंगलवार सुबह करीब 4 बजे से छावनी वृत्त के विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्त और निगरानी शुरू की। इसी दौरान अवैध रूप से शराब का परिवहन एवं विक्रय किए जाने की गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर 5 दोपहिया वाहन पकड़े।जब्त वाहनों में एक्सेस, हीरो डीलक्स, स्प्लेंडर प्लस और होंडा एक्टिवा सहित कुल 5 वाहन शामिल हैं। इनमें चार वाहनों के नंबर MP-09-UQ-0371, MP-09-XL-9357, MP-41-MH-7349 और MP-09-VT-2946 हैं, जबकि एक वाहन बिना नंबर का पाया गया।कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी वाहन और शराब मौके पर छोड़कर भाग निकले। आबकारी टीम ने वाहनों की तलाशी के दौरान 550 पाव देसी मसाला एवं सादा मदिरा बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 99 बल्क लीटर बताई गई है।विभाग द्वारा मामले में कुल 5 प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है, वहीं जब्त शराब और वाहनों के संबंध में आगे की विवेचना की जा रही है।
