12 कम वर्षा वाले जिलों के कलेक्टर्स से सीधा संवाद, जल प्रबंधन के लिए नगरीय क्षेत्रों में ₹165.95 करोड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में ₹187 करोड़ से अधिक की कार्ययोजना

इंदौर। प्रदेश में कम वर्षा और संभावित जल संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगरीय निकायों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जल प्रबंधन एवं जल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मनुष्य और पशुओं, दोनों के लिए पानी आवश्यक है, इसलिए उपलब्ध जल का बेहतर प्रबंधन करते हुए हर क्षेत्र में निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जहां पर्याप्त पानी उपलब्ध है, वहां आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाए, जबकि जल संकट वाले इलाकों में तत्काल राहत के साथ स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाए। जरूरत पड़ने पर टैंकरों से जलापूर्ति, नए नलकूपों का खनन और जल संचयन के अतिरिक्त संसाधन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। जल अभाव वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
12 कम वर्षा वाले जिलों के कलेक्टर्स से की समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांर्ढुना जिलों के कलेक्टर्स से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे संवाद कर जल आपूर्ति की मौजूदा स्थिति और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने सभी जिलों में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही समूह जल प्रदाय योजनाओं को मजबूत करने और जरूरत वाले क्षेत्रों में नए नलकूप खनन की अनुमति देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शहरों के साथ गांवों में भी विशेष ध्यान देकर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
नगरीय निकायों के लिए ₹165.95 करोड़ की योजना
बैठक में अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग संजय दुबे ने बताया कि प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति के लिए ₹165.95 करोड़ की कार्ययोजना तैयार की गई है। सभी निकायों को 30 जून 2027 तक समुचित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जल संकट की स्थिति में जल परिवहन के लिए निकायों के स्वयं के अथवा अधिगृहित जल स्रोतों और टैंकरों का उपयोग प्राथमिकता से किया जाएगा। पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए छोटे आवश्यक कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रदेश के 126 नगरीय निकायों में निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाएं मार्च 2027 तक पूरी होने की संभावना है, जिससे संबंधित क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ₹187 करोड़ से अधिक की कार्ययोजना
अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग दीपाली रस्तोगी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए ₹187 करोड़ से अधिक की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रदेश में 65 हजार से अधिक हैंडपंप, राइजर पाइप, बोरवेल और समूह जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
नए नलकूप खनन की अनुमति मिलने पर जरूरत वाले जिलों में कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति से संबंधित लगभग एक लाख कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं।
जल संरक्षण के लिए जनजागृति और जल दूतों की पहल
बैठक में जिलों के कलेक्टर्स ने जल प्रबंधन को लेकर किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की जानकारी दी। कम वर्षा वाले क्षेत्रों में जनजागृति अभियान चलाए जा रहे हैं तथा जल संरक्षण के लिए जल दूत भी बनाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर जल संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, इंदौर महापौर पुष्पमित्र भार्गव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इंदौर कलेक्टर कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष से कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी बैठक में सहभागिता की।
