इंदौर। शहर में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ विजयनगर पुलिस ने देर रात अपोलो प्रीमियम टावर स्थित ‘द पियानो प्रोजेक्ट’ कैफे एवं बार पर छापा मार कार्रवाई की। तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम संचालित किए जाने की शिकायत पर पुलिस टीम रात करीब 11:30 बजे मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान साउंड सिस्टम अत्यधिक तेज आवाज में बजता पाया गया। पुलिस द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालन की वैधानिक अनुमति मांगे जाने पर संचालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद साउंड सिस्टम, स्पीकर व अन्य उपकरण जब्त किए गए।
मामले में विजय नगर थाना प्रभारी सी.के. पटेल सहित उनकी टीम ने क्लब पहुंचकर मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध धारा 223 बीएनएस एवं 7/15 मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
