इंदौर। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक एवं मध्य प्रदेश खाद एवं ग्रामोद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया सत्तन ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की मौजूदगी में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली।कनुप्रिया सत्तन के इस कदम ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि उनके पिता सत्यनारायण सत्तन लंबे समय से भाजपा के प्रमुख चेहरों में गिने जाते रहे हैं और इंदौर की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे एक प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि के रूप में भी पहचान रखते हैं।सदस्यता ग्रहण के दौरान कनुप्रिया ने कहा कि वे कांग्रेस के विचारों और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुई हैं। कार्यक्रम में पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। सत्तन परिवार के इस राजनीतिक बदलाव को इंदौर सहित पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय माना जा रहा है।
