इंदौर। शहर में अवैध रूप से रह रहे एक विदेशी नागरिक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। हीरानगर पुलिस ने नाइजीरिया निवासी डॉन पेड्रो चार्लिस को हिरासत में लिया, जिसका वीजा वर्ष 2023 में ही समाप्त हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह इंदौर में रह रहा था।जानकारी के अनुसार आरोपी कई वर्ष पहले इंदौर आया था और एक बीपीओ कंपनी में काम कर चुका है। वीजा समाप्त होने के बाद भी उसने देश नहीं छोड़ा और लसूड़िया क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए से रह रहा था। संबंधित विभाग द्वारा वीजा समाप्त होने की सूचना पहले ही पुलिस को दे दी गई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने अक्सर इलाके में आता-जाता था। हाल ही में जब वह उससे मिलने पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। विदेशी नागरिक होने के कारण संबंधित विभागों और एजेंसियों को सूचना दे दी गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
