इंदौर। द्वारकापुरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 84 में ‘संकल्प से समाधान’ के तहत आयोजित जनता चौपाल कार्यक्रम में उस समय माहौल गर्म हो गया, जब एक महिला ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सामने ही निगम के कामकाज पर खुलकर नाराजगी जाहिर कर दी। महिला ने कहा कि इलाके में बने गड्ढे के पास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन महापौर के आने से महज कुछ मिनट पहले ही उसे जल्दबाजी में ठीक किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यह काम पहले क्यों नहीं किया गया।महिला ने कहा कि यदि महापौर के आने का प्रभाव है तो केवल उनका नाम ही काफी होना चाहिए, बार-बार दौरा करने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम कर्ज में होने की बात कहता है, फिर भी अच्छी सड़कों को खोदकर दोबारा बनाई जा रही हैं और ठीक-ठाक गार्डन की दीवारें तोड़कर फिर निर्माण किया जा रहा है।महिला ने महापौर से आग्रह करते हुए कहा कि वे गाड़ी में बैठकर नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें। उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह गौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वे लोगों के बीच रहते थे और घर-घर जाकर समस्याएं सुनते थे, इसलिए आज भी जनता उन्हें याद करती है। महिला ने बढ़े हुए टैक्स और स्लैब खत्म होने से आम लोगों पर बढ़ते बोझ की बात भी उठाई।महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महिला की बात सुनते हुए कहा कि सुझाव अच्छे हैं और उन पर अमल करने की कोशिश की जाएगी। इस पर महिला ने कहा, “देखती हूं आप कितनी कोशिश करते हैं,” और धन्यवाद दिया।
