इंदौर। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अमोनिया गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। ककतपुरा पुल के नीचे स्थित एक कबाड़ी दुकान पर सिलेंडर काटने के दौरान गैस लीक हो गई, जिससे आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत, घबराहट और उल्टियों की शिकायत होने लगी। एहतियातन दो महिलाओं सहित पांच लोगों को अस्पताल भेजा गया।प्रशासन के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और कोई भी गंभीर नहीं है। सीएमएचओ डॉ. माधव हसनी ने बताया कि भर्ती किए गए सभी लोगों की स्थिति सामान्य है।डीसीपी आनंद कालादगी के मुताबिक शहजाद नाम का कबाड़ी गैस भरे सिलेंडर को काट रहा था, तभी उसमें से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस फैलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कबाड़ी शहजाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दमकल विभाग की टीम ने सिलेंडर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर हटाया और इलाके में पानी का छिड़काव किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।पुलिस का कहना है कि घटना में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से प्रभावित नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।

