इंदौर। शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र वाले फ्लेक्स के साथ कथित अमर्यादित व्यवहार का मामला सामने आया है। गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे बापट चौराहा से नक्षत्र चौराहा जाने वाली सड़क पर, KTM शोरूम के सामने सफाई के दौरान नगर निगम कर्मियों द्वारा फ्लेक्स पर कचरा रखकर उसे घसीटने का आरोप लगाया गया है।स्थानीय जागरूक नागरिक द्वारा भेजे गए वीडियो में देखा जा सकता है कि निगम की टीम डिवाइडर से पत्ते और कचरा समेटकर उक्त फ्लेक्स के ऊपर जमा कर रही है और उसे घसीटते हुए वाहन तक ले जाया जा रहा है। मौके पर नगर निगम की एक गाड़ी भी चल रही थी, जिसका नंबर MP09DW9961 बताया जा रहा है। आरोप है कि उसी वाहन में फ्लेक्स पर रखा कचरा समेटकर डाला गया।बताया जा रहा है कि फ्लेक्स पुराना और फटा हुआ था, लेकिन उस पर छत्रपति शिवाजी महाराज का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। वीडियो बनाने वाले नागरिक ने कर्मचारियों को रोकते हुए कहा कि यह महापुरुष का अपमान है और ऐसा न किया जाए। आरोप के अनुसार कर्मचारियों ने जवाब दिया कि वे अपना काम कर रहे हैं और उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इसके बाद नागरिक ने घटना का वीडियो बनाकर Khabar Satyagrah टीम को भेज दिया।मामले में नगर निगम जोन-CSI सुभाष साहू से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि यह गार्डन विभाग की टीम है। उन्होंने कहा कि सुपरवाइज़र पवन राठौर से बात कर कर्मचारियों को भविष्य में बैनर या फ्लेक्स पर कचरा न रखने तथा तिरपाल का उपयोग करने के निर्देश दिए जाएंगे।घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराज़गी देखी जा रही है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है। हालांकि इस मामले में किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है।बताया जा रहा है कि वीडियो स्थानीय नागरिक द्वारा भेजा गया है।
