इंदौर। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद इंदौर का दिल कहे जाने वाले राजवाड़ा पर जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया, हजारों क्रिकेट प्रेमी राजवाड़ा चौक पर जुट गए। माहौल कुछ ऐसा बना, जैसा 2011 में भारत के वर्ल्ड कप जीतने के बाद देखने को मिला था।फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूज़ीलैंड को 256 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया। जवाब में न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19वें ओवर से पहले ही 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करते हुए नया इतिहास रच दिया।भारत की जीत की खबर मिलते ही इंदौर में जश्न का माहौल बन गया। राजवाड़ा पर करीब 10 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने आतिशबाजी की, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए “इंडिया-इंडिया” के नारे लगाए और तिरंगा लहराकर खुशी का इजहार किया।दिलचस्प बात यह रही कि दिन में शहर ने रंग-पंचमी का त्योहार मनाया था, वहीं रात को क्रिकेट प्रेमियों ने इसे “रन-पंचमी” के रूप में मनाते हुए जीत का जश्न मनाया। युवाओं से लेकर परिवारों तक हर कोई देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देर रात तक राजवाड़ा चौक जयकारों और उत्साह से गूंजता रहा।रिपोर्ट- दिव्यांशु परमार, खबर सत्याग्रह, इंदौर.
