अक्षय तृतीया पर धार के सिरसोदिया में सामूहिक विवाह सम्मेलन, कन्यादान योजना के तहत आर्थिक सहयोग

इंदौर, 19 अप्रैल 2026।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की बेटियों के सशक्तिकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल और सहयोग का प्रतीक हैं।मुख्यमंत्री रविवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर धार जिले के ग्राम सिरसोदिया में ‘मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना’ के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, जहां 400 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अभिभावक की भूमिका निभाते हुए नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि विवाह भारतीय संस्कृति का एक पवित्र संस्कार है और सरकार इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों की शादी को बोझ नहीं, बल्कि सम्मान का विषय बना रही है।उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 49 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिलता है।कार्यक्रम में विधायक कालुसिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रंजना बघेल, प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी, एसपी मयंक अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



