मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परशुराम जयंती पर किया ऐलान, नदियों के पुनर्जीवन और तीर्थ विकास पर जोर

इंदौर, 19 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परशुराम जयंती के अवसर पर इंदौर जिले के जानापाव में आयोजित ‘परशुराम प्रकटोत्सव’ में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई जाएगी। यहां 17.41 करोड़ रुपये की लागत से ‘परशुराम-श्रीकृष्ण लोक’ विकसित किया जाएगा, जो आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और कहा कि परशुराम जी का जीवन धर्म, आस्था और संतुलित शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित लोक में भव्य संग्रहालय, शस्त्र दीर्घा, ध्यान केंद्र, कथा मंच, 30 फीट ऊंचा प्रवेश द्वार और कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।उन्होंने जानापाव क्षेत्र से निकलने वाली प्रमुख नदियों—चंबल, गंभीर, अजनार और चोरल—का उल्लेख करते हुए गंभीर और अजनार नदी के पुनर्जीवन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों का संरक्षण कृषि और विकास के लिए बेहद जरूरी है।डॉ. यादव ने यह भी बताया कि प्रदेश में ‘श्रीकृष्ण पाथेय’ के तहत भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और ‘परशुराम नाट्य लीला’ आकर्षण का केंद्र रहीं। इस दौरान जनप्रतिनिधि, संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
