इंदौर के हीरा नगर में वारदात, 6 आरोपियों में 3 नाबालिग शामिल; पुलिस देर से पहुंचने पर उठे सवाल
इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र स्थित गौरी नगर इलाके में रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बदमाशों ने एक व्यक्ति की उसके मासूम बेटे के सामने ही चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुरेंद्र साहू के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र साहू अपने 8 वर्षीय बेटे और भतीजे के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े कुछ बदमाशों ने उन्हें गाली देते हुए बाइक का स्टैंड लगाने के लिए कहा। सुरेंद्र ने विरोध करते हुए गाली देने से मना किया, जिस पर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उनके सीने में चाकू घोंप दिया।घटना के बाद घायल सुरेंद्र ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ पिता को छोड़कर बेटा भागते हुए घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी खून बह चुका था और सुरेंद्र की मौत हो गई।परिजनों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया और भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है, जिनमें 3 बालिग और 3 नाबालिग शामिल हैं। दो आरोपियों की पहचान विवेक और अमित के रूप में हुई है।घटना के बाद पुलिस के देर से पहुंचने पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि थाने का अधिकांश स्टाफ वीआईपी प्रोटोकॉल में व्यस्त था, जबकि अन्य पुलिसकर्मी ट्रैफिक में फंसे रहे, जिसके चलते मौके पर पहुंचने में करीब आधे घंटे की देरी हुई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
