इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सोमवार को आक्रोश फूट पड़ा। मृतक सुरेंद्र साहू के परिजनों और स्थानीय रहवासियों ने गौरी नगर चौराहे पर शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।रविवार शाम जाम नगर इलाके में सुरेंद्र साहू की उसके 8 वर्षीय बेटे के सामने चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपियों ने सुरेंद्र से बाइक का स्टैंड ठीक करने को कहा और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 6 आरोपी शामिल हैं, जिनमें 3 बालिग और 3 नाबालिग हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटनास्थल से मिले CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग गौरी नगर चौराहे पर एकत्रित हुए और शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में नशे के आदी युवकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आपराधिक घटनाओं में इजाफा हो रहा है।मौके पर पहुंचीं एसीपी रूबीना मिजवानी ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस प्रशासन ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द हिरासत में लेकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
