बापट चौराहा से निकली यात्रा में झांकियां, भजन, किन्नर समाज की भागीदारी; मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को सीएम ने दी जन्मदिन की बधाई
इंदौर। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर इंदौर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा बापट चौराहा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस यात्रा का शुभारंभ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं और यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।यह शोभायात्रा वार्ड 33 के पार्षद मनोज मिश्रा के नेतृत्व में हर वर्ष निकाली जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होते हैं।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम ने अन्याय और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनका जीवन साहस, शौर्य, निडरता और धर्म रक्षा की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज से एकता, समरसता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं सुदर्शन चक्र के बिना अधूरी हैं और यह सुदर्शन चक्र उन्हें भगवान परशुराम से प्राप्त हुआ था। मध्यप्रदेश की पावन धरती का भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से गहरा संबंध बताते हुए उन्होंने उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि आश्रम और चित्रकूट का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में जहां-जहां भगवान राम और श्रीकृष्ण की लीलाएं हुई हैं, उन स्थानों को विकसित कर प्रमुख तीर्थ स्थलों के रूप में स्थापित किया जाएगा।ब्राह्मण समाज के अनुरोध पर उन्होंने संदीपनि संस्कृत विद्यालय के लिए भूमि आवंटन हेतु कलेक्टर शिवम वर्मा को निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और उज्जैन में वैदिक घड़ी का निर्माण भारतीय कालगणना को बढ़ावा देने का प्रयास है।शोभायात्रा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा में आकर्षक झांकियां निकाली गईं, राधा-कृष्ण थीम पर श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए और भजनों के बीच जय परशुराम के नारे गूंजते रहे। किन्नर समाज की सहभागिता भी इस आयोजन में विशेष आकर्षण रही।यात्रा मार्ग पर विभिन्न संगठनों और समाजों द्वारा मंच लगाकर स्वागत किया गया। विश्व हिंदू परिषद, ब्राह्मण समाज, सुखलिया मेन रोड व्यापारी एसोसिएशन, भाजपा नेता अंकित यादव मित्र मंडल, चिंटू चौकसे और राजू भदोरिया मित्र मंडल सहित कई संगठनों ने प्रसादी वितरण कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मंच पर दोनों नेताओं के बीच आत्मीयता का दृश्य देखने को मिला, जहां वे एक-दूसरे से गले मिलते नजर आए।मुख्यमंत्री रविवार देर शाम इंदौर पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। बापट चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कवि सत्यनारायण सत्तन का स्वयं स्वागत कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के बाद वे सुखलिया क्षेत्र पहुंचे, जहां भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।पूरे आयोजन में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला, जहां शहर जय परशुराम के नारों और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
