(खबर सत्याग्रह)
गुजरात के गिर सोमनाथ में रविवार को आस्था, श्रद्धा और गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर जीर्णोद्धार की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित “सोमनाथ अमृत महोत्सव” में शामिल हुए। दो दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री का गिर सोमनाथ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शहर में विशाल रोड शो किया, जहां श्रद्धालुओं ने “जय सोमनाथ”, “हर-हर महादेव” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रोड शो के बाद पीएम मोदी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद प्रधानमंत्री सोमनाथ टेम्पल पहुंचे, जहां उन्होंने कुंभाभिषेक किया और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माने जाने वाले सोमनाथ मंदिर में इस ऐतिहासिक अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित अमृत महोत्सव के दौरान भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से मंदिर परिसर में पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और दिव्य हो उठा। इसी दौरान भगवा ध्वज का रोहण भी किया गया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला, जब भारतीय वायुसेना के विमानों ने सोमनाथ मंदिर के ऊपर आसमान में शानदार फॉर्मेशन बनाकर शक्ति और श्रद्धा का अनूठा प्रदर्शन किया। श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरों में कैद किया।
सोमनाथ अमृत महोत्सव ने न केवल भारत की सांस्कृतिक विरासत और सनातन आस्था को नई ऊर्जा दी, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन गर्व और भक्ति का प्रतीक बन गया।
