इंदौर में लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहे तक प्रस्तावित मास्टर प्लान सड़क निर्माण में बाधा बन रहे 16 मकानों के अवैध हिस्सों को गुरुवार को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए हटा दिया। नगर निगम का अमला भारी पुलिस बल और मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचा और तोड़फोड़ अभियान शुरू किया।नगर निगम की टीम 5 जेसीबी और 5 पोकलेन मशीनों के साथ मैदान में उतरी। कार्रवाई के दौरान निगम की 4 से अधिक टीमें मौजूद रहीं। रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया के अनुसार, सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अवैध हिस्सों को हटाने के लिए पहले ही रहवासियों को नोटिस जारी किए गए थे।जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में कुल 78 मकान हैं, जिनमें से कई लोगों ने नोटिस मिलने के बाद स्वयं ही बाधक हिस्सों को हटा लिया था। हालांकि 16 मकान मालिकों ने ऐसा नहीं किया, जिसके बाद निगम कमिश्नर के आदेश पर कार्रवाई की गई।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया। इससे पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी क्षेत्र का दौरा कर रहवासियों से बातचीत कर चुके थे और स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की थी।• 5 जेसीबी-5 पोकलेन के साथ उतरा निगम अमला, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
