पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने से नाराज नेहरू नगर के रहवासियों ने आज अटल द्वार के पास जमकर हंगामा किया। भीषण गर्मी के बीच पानी न मिलने से आक्रोशित महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। तीन दिन से नलों में पानी नहीं आने से घरों में पीने तक का पानी खत्म हो गया है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है। सड़क बंद होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।मौके पर मौजूद लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन और निगम के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
