इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कमर में छिपाकर रखा गया तेज धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 21 मई को विजयनगर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एन.आर.के. बिजनेस पार्क के सामने खाली मैदान में एक युवक हथियार लेकर खड़ा है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम यादव (22) निवासी गणेश नगर, बर्फानी धाम के पीछे, इंदौर बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से तेज धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 459/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। विजयनगर पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
