इंदौर। आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा इंदौर जोन में पदग्रहण समारोह, राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की मेजबानी पार्टी की इंदौर जिला इकाई कर रही है। कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से दिन-रात मेहनत कर तैयारियों में जुटे हुए हैं।पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग प्रदान किया है, जिसके लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जिन साथियों ने अभी तक सहयोग राशि जमा नहीं की है, उनसे स्वेच्छानुसार ऑनलाइन अथवा नगद अंशदान देने का आग्रह किया गया है। पार्टी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है और सभी की सहभागिता से कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संजय सिंह, प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश सह-प्रभारी एवं पूर्व विधायक अखिलेश त्रिपाठी तथा इंदौर जोन प्रभारी एवं पूर्व विधायक जय भगवान उपकर सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रहेगी। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
