इंदौर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय जेल इंदौर में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित सप्ताहव्यापी योग अभियान का रविवार को समापन हुआ। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में सैकड़ों बंदियों एवं जेल स्टाफ ने प्रतिदिन योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।समापन अवसर पर बंदियों ने सामूहिक योग प्रदर्शन कर योग से प्राप्त शारीरिक एवं मानसिक लाभों को साझा किया। केंद्रीय जेल अधीक्षक डॉ. अलका सोनकर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार, तनाव मुक्ति तथा उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से बंदियों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।उल्लेखनीय है कि इस अभियान का शुभारंभ 15 जून को माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रुसिया द्वारा किया गया था, जिसमें प्रदेश की सभी जेलें वर्चुअल माध्यम से जुड़ी थीं। यह पहल बंदियों के सर्वांगीण विकास और सुधारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
