₹5.50 लाख में ‘पास कराने’ का सौदा; छात्रों का हंगामा, सेंटर की परीक्षा रद्द
जयपुर में पैरामेडिकल परीक्षा के दौरान बड़े नकल गिरोह का खुलासा होने के बाद परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कॉलेज संचालक, एचओडी और लेक्चरर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि झुंझुनूं के एक कॉलेज के 45 छात्रों को नकल के जरिए परीक्षा पास कराने के लिए कुल ₹5.50 लाख का सौदा तय किया गया था।जैसे ही मामले की जानकारी अन्य परीक्षार्थियों को मिली, वे भड़क उठे। प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों ने नारेबाजी, प्रदर्शन और तोड़फोड़ की। आक्रोशित छात्रों ने कुर्सियां फेंकते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग की।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पैरामेडिकल काउंसिल ने प्रभा देवी मेमोरियल पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र की परीक्षाएं आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। पुलिस पूरे नकल नेटवर्क की जांच में जुटी है।
