इंदौर। रीवा से इंदौर आ रही जय अंबे ट्रेवल्स की एक बस में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शिप्रा थाना क्षेत्र में अचानक आग लग गई। घटना शिप्रा थाने के सामने हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस रोक दी और सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर उतार लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चलती बस का टायर फटने के बाद हुए घर्षण के चलते बस के अगले हिस्से में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को दूसरी बस से इंदौर के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में टायर फटने के बाद हुए घर्षण को आग लगने की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
