कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खंडवा रोड स्थित एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन से सब्जी, पोहा, जैम, मिर्च पाउडर, नमक और घी सहित 6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए। निरीक्षण में पेस्ट कंट्रोल, पेयजल जांच और खाद्य भंडारण में कई कमियां मिलने पर स्कूल प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं एक किराना दुकान के गोदाम में रखी एक्सपायरी पेय पदार्थ की 12 पेटियों को खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। प्रशासन ने नागरिकों से खाद्य गुणवत्ता या एक्सपायरी उत्पाद मिलने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की है।
