इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार रात इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा स्थित अहिल्या प्रतिमा पर शहर कांग्रेस ने आकस्मिक विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज उठाने पर विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मीमरोट, अमन बजाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए राजवाड़ा क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।बाद में राहुल गांधी की रिहाई की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद राहुल गांधी की हिरासत को लेकर प्रदेश सहित देशभर में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।
