हीरानगर में युवक से मारपीट और कार में तोड़फोड़ का मामला, CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को पीड़ित नरेंद्र चौहान एमआर-10 स्थित शारदा मेडिकल पर दवाई लेने पहुंचे थे। इसी दौरान शारदा नाग निवासी शोभित साख्यवार, निक्की अहिरवार, ओम जाटव उर्फ देवांश और मयंक यादव ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की और उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। शिकायत मिलने के बाद हीरानगर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की है। पुलिस का कहना है कि बाउंड भरवाना एक प्रतिबंधात्मक कानूनी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य संभावित विवादों को रोकना होता है। यदि कोई व्यक्ति इसके बाद भी अपराध करता है, तो उसके खिलाफ नए मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी आरोपियों के खिलाफ दर्ज अपराध के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और जांच में सहयोग करें, ताकि आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
