इंदौर। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में हाथी के हमले से ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना राजनगर पुलिस चौकी के पास शाम करीब 4:18 बजे हुई, जहां 49 वर्षीय विजय उर्फ लक्ष्मण राव होलकर हाथी को गुड़ खिला रहे थे। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने विजय को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें पैर से कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने किसी तरह हाथी को काबू में कर घायल विजय को अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें जिला अस्पताल और बाद में वर्मा यूनियन अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 7:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, हाथी को उज्जैन से जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम के लिए इंदौर लाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महावत हाथी को लेकर इलाके में घूम रहा था। घटना के बाद पुलिस ने महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। हाथी के संबंध में इंदौर जू प्रबंधन को भी सूचना दे दी गई है।पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में मृतक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी के हमले का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है।
