महेश्वर/इंदौर। खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्त्रधारा घाट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में इंदौर का 30 वर्षीय युवक अर्पित हाड़ा नर्मदा नदी की तेज धारा में बह गया। घटना के दौरान उसकी पत्नी और भाई घाट पर खड़े होकर मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन देखते ही देखते वह कुछ ही सेकेंड में तेज बहाव में ओझल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।जानकारी के अनुसार, अर्पित हाड़ा अपने परिवार के साथ महेश्वर घूमने आया था। रविवार शाम करीब 5 बजे सहस्त्रधारा घाट पर वह नर्मदा में उतरा, तभी तेज बहाव की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह नदी में बह गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।सोमवार सुबह एक बार फिर पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने नावों और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में नदियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
