Oplus_131072
खबर सत्याग्रह। इंदौर के बाणगंगा इलाके में रेस्टोरेंट कर्मचारी श्रीराम राजपूत की हत्या के बाद लोगों में आक्रोश है। हत्या के विरोध में सोमवार को सांवेर रोड स्थित दीपमाला ढाबे के पास लोगों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ।जानकारी के मुताबिक, बाणगंगा पुलिस ने श्रीराम राजपूत का शव रेलवे पटरी के पास से बरामद किया था। पुलिस के अनुसार, श्रीराम करीब तीन साल से एक रेस्टोरेंट में काम कर रहे थे। रेस्टोरेंट के हिसाब को लेकर शाम के समय उनका मालिक के बेटे राहुल से विवाद हुआ था। आरोप है कि कहासुनी के बाद राहुल ने श्रीराम का पीछा किया और चाकू से हमला कर दिया।रात में रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहे लोगों ने पटरी के पास शव पड़ा देखा। शव के पास कुत्ते भी मौजूद थे, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बाणगंगा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, श्रीराम के चेहरे पर चाकू से हमले के निशान मिले हैं।टीआई सियाराम गुर्जर के अनुसार, कर्मचारियों से पूछताछ में रेस्टोरेंट के हिसाब को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी राहुल की तलाश में जुटी है। हत्या के बाद अब परिजन और स्थानीय लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
