Oplus_131072
निरीक्षण में 10 से अधिक एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिले, पिस्ता-मिर्च पाउडर-सौंफ में मिले कीड़े; 6 नमूने जांच के लिए भेजे
खबर सत्याग्रह। इंदौर बाईपास स्थित Adam’s Ale रेस्टोरेंट (Sahashtra Food and Services Pvt. Ltd.) पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। CM हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जिसमें खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में 10 से अधिक एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ पाए गए। वहीं पिस्ता, मिर्च पाउडर और सौंफ में कीड़े पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा खाद्य निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक ही डीप फ्रीजर में रखा जा रहा था।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से पनीर, दही, मिर्च पाउडर, सौंफ, पिस्ता और स्वच राजमा चित्रा सहित कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए हैं। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।स्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से हानिकारक एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट कराया, ताकि उनका दोबारा उपयोग न हो सके।खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार प्रतिष्ठान के खिलाफ पहले भी दो प्रकरणों में अर्थदंड लगाया जा चुका है। दोनों मामले वर्तमान में अपीलीय ट्रिब्यूनल में लंबित हैं।निरीक्षण में खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत रेस्टोरेंट की खाद्य अनुज्ञप्ति को आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
