खबर सत्याग्रह | इंदौर
इंदौर में लोकायुक्त ने क्राइम ब्रांच के तत्कालीन निरीक्षक सुजीत श्रीवास्तव समेत चार लोगों के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई से बचाने और एक युवक को छोड़ने के एवज में 1.20 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के अनुसार, रिश्वत की रकम में से 50,800 रुपए UPI के जरिए एक निजी व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करवाए गए, जबकि 70 हजार रुपए नकद लेने का आरोप है। लोकायुक्त ने तकनीकी साक्ष्यों के सत्यापन के बाद मामले में कार्रवाई की।
मामले में तत्कालीन निरीक्षक सुजीत श्रीवास्तव, आरक्षक अभय सिंह, विकास सेंधव और निजी व्यक्ति दीपक पटेल को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और BNS की धारा 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
