इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर 114 में रविवार देर रात शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर युवक-युवती के साथ मारपीट और कार में तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के कुछ ही समय बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को पास के होटल से गिरफ्तार कर लिया, जहां वे कमरे में बैठकर बीयर पी रहे थे।पुलिस के अनुसार विजय नगर निवासी 22 वर्षीय विशेष खेड़कर अपने साथियों के साथ कार से जा रहा था। खालसा चौक के पास वह पेशाब करने के लिए रुका, तभी परदेशीपुरा निवासी राम चौहान, दीपांश, देव और अमन वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए युवक-युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी तथा कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान आरोपियों ने क्षेत्र में अपनी दहशत दिखाते हुए “परदेशीपुरा में हमारा नाम पूछ लेना” कहकर धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही गश्त पर तैनात एफआरवी-16 के आरक्षक नरेन्द्र मंडेलिया और राधेश्याम कुशवाह तुरंत मौके पर पहुंचे और आसपास तलाशी शुरू की। पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकले, लेकिन पास के सिंह होटल में एक कमरे में छिपकर बीयर पीते मिले। पुलिस ने होटल में दबिश देकर चारों को हिरासत में ले लिया।सोमवार रात थाना प्रभारी तारेश सोनी अपनी टीम के साथ आरोपियों को घटनास्थल पर भी लेकर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने होटल संचालक को भी आवश्यक हिदायत दी।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राम चौहान पर करीब 12 तथा अमन पर 5 आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 119(1), 115(2), 296(ए), 351(3), 324(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
