इंदौर। जूनी थाना पुलिस ने बिना अनुमति वाहन रैली निकालने और कार की छत पर खड़े होकर स्टंट करने के मामले में छात्र नेता आयुष भार्गव को गिरफ्तार किया है। यह रैली सांसद शंकर लालवानी के प्रतिनिधि पंकज फतेहचंदानी के जन्मदिन पर 7 मार्च को निकाली गई थी।रैली के दौरान आयुष भार्गव ने कार की छत पर खड़े होकर स्टंट किया और उसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट सहित प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया।रैली के कारण इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ। पुलिस ने आयुष को थाने लाकर कार्रवाई की, जहां उसने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उसके वीडियो से समाज में गलत संदेश गया है और वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा। कोर्ट का जुर्माना भरने के बाद उसे जमानती धाराओं में थाने से ही जमानत दे दी गई।
