इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के आरएनटी (नालंदा) कैंपस में मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उग्र हो गया। ATKT, रिजल्ट में देरी और मूल्यांकन में कथित गड़बड़ी को लेकर सैकड़ों छात्र कैंपस पहुंचे, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने NSUI जिला अध्यक्ष रजत पटेल सहित 6 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।प्रदर्शन दोपहर करीब 1:40 बजे शुरू हुआ और 2:30 बजे तक चला। इस दौरान छात्र लगातार नारेबाजी करते रहे और विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि अच्छे अंक लाने के बावजूद उन्हें ATKT दी जा रही है, वहीं कुछ मामलों में पैसे लेकर पास कराने के आरोप भी लगाए गए हैं। छात्रों के अनुसार, यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ छात्र बैरिकेड्स पार कर कैंपस में प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने माइक से बार-बार अपील की कि छात्र शालीनता से ज्ञापन दें, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य पदाधिकारियों को हिरासत में लिया। इस दौरान कुछ छात्र नेताओं को पुलिस द्वारा उठाकर ले जाते हुए भी देखा गया।प्रदर्शन के बीच एक अलग तस्वीर भी सामने आई, जहां कुछ छात्र नेता विरोध के साथ-साथ सोशल मीडिया के लिए रील बनाते नजर आए। पुलिस ने इस पर आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी कि प्रदर्शन को अनुशासन में रखा जाए।एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को लगातार समझाइश दी गई थी, लेकिन धक्का-मुक्की बढ़ने पर एहतियातन 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य को छोड़ दिया गया।गिरफ्तारी के बावजूद NSUI कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है। संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक यूनिवर्सिटी प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं प्रदर्शन के बाद भी कई छात्र कैंपस के बाहर अपनी मांगों को लेकर बैठे रहे, जो उनकी नाराजगी और निराशा को साफ दर्शाता है।
