
इंदौर की संयोगितागंज थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजगढ़ के निवासी हैं और शहर के नवलखा इलाके में लगने वाले हाट बाजार को निशाना बनाते थे।पुलिस के अनुसार, आरोपी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मौके का इंतजार करते थे और जैसे ही मौका मिलता, लोगों की गाड़ियां चुराकर वहां से फरार हो जाते थे।हाल ही में पुलिस ने हाट बाजार से एक संदिग्ध को पकड़ा था। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की गाड़ियों को वे राजगढ़ ले जाकर कम कीमत में बेच देते थे। पकड़े गए आरोपियों में अनवर, विशाल और जीवन शामिल हैं।फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और गाड़ियों के खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।