इंदौर। 14 अप्रैल, बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर कुलकर्णी नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जब पार्षद जीतू यादव के नेतृत्व में आयोजित भव्य वंदे मातरम् कार्यक्रम और विशाल भंडारे में करीबन दस हजार लोगों ने एक साथ खड़े होकर पूरे जोश और गर्व के साथ वंदे मातरम् का गायन किया। पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।इस ऐतिहासिक आयोजन में क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने न केवल सामाजिक एकता का संदेश दिया, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया था, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने भोजन प्रसादी ग्रहण कर आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।गौरतलब है कि हाल ही में इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन में वंदे मातरम् को लेकर हुए विवाद के बाद यह आयोजन खासा चर्चा में है। उस दौरान पार्षद जीतू यादव ने कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम के साथ हुए टकराव के बाद स्पष्ट शब्दों में कहा था— “हिंदुस्तान में रहना होगा तो वंदे मातरम् कहना होगा।”उसी हुंकार को जनसमर्थन में बदलते हुए इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि राष्ट्रभक्ति की भावना जनता के दिलों में गहराई से बसती है। कुलकर्णी नगर का यह आयोजन अब शहर ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर में एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
