सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पैकेज्ड फूड की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल क्लिप में कथित तौर पर एक चिप्स फैक्ट्री के अंदर का दृश्य दिखाया गया है, जहां फर्श पर पड़े कटे हुए आलुओं के बीच एक कर्मचारी को चलते हुए देखा जा सकता है। इस दृश्य ने हाइजीन मानकों के पालन पर संदेह पैदा कर दिया है।वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराज़गी देखी जा रही है। यूजर्स सोशल मीडिया पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की अपील की है।हालांकि, अब तक इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां का है, लेकिन इसने एक बार फिर फूड इंडस्ट्री में गुणवत्ता नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला तूल पकड़ता जा रहा है और उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ती जा रही है।
