इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। छोटा बांगड़दा स्थित कालका माता मंदिर के सामने एक नशे में धुत युवक ने सरेआम एक राहगीर को रोककर उससे जबरन ₹3000 वसूल लिए।बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक्सीडेंट का बहाना बनाकर राहगीर को धमकाया और पैसों की मांग की। उस समय पीड़ित के साथ उसका परिवार और छोटे बच्चे भी मौजूद थे। परिवार ने युवक से छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उसने किसी की एक नहीं सुनी और पैसे लेकर मौके से फरार हो गया।घटना का वीडियो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।
