(खबर सत्याग्रह)
इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सिंगापुर टाउनशिप स्थित ज्ञानशीला कॉलोनी में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला का शव कॉलोनी के नाले में पड़ा मिला। मृतका की पहचान स्थानीय लोगों ने “सोनी मैडम” के रूप में की है, जो पेशे से शिक्षिका बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला सुबह करीब 5 बजे मंदिर दर्शन के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वह अचानक लापता हो गईं। दिनभर परिजन और परिचित उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शाम के समय महिला के पति ने खोजबीन के दौरान नाले में उनका शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि विस्तृत जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
