इंदौर के इंटरनेशनल अल्ट्रा रनर कार्तिक जोशी ने देश को जोड़ने और शहर का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करने के संकल्प के साथ अपने 4200 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक रन मिशन की शुरुआत कर दी है। “कारगिल से कन्याकुमारी” तक की यह चुनौतीपूर्ण यात्रा 2 मई 2026 को सुबह 7:07 बजे कारगिल वॉर मेमोरियल से औपचारिक रूप से शुरू हुई।दरअसल, यह दौड़ पहले 28 अप्रैल को शुरू होनी थी, जिसे खराब मौसम, लैंडस्लाइड और सुरक्षा कारणों के चलते कई बार टालना पड़ा। अंततः प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद मिशन का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कार्तिक को भारतीय सेना का पूरा सहयोग मिला—रहने, भोजन और सुरक्षा की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गईं, साथ ही दौड़ के दौरान आगे-पीछे सुरक्षा वाहन भी तैनात रहे। सेना द्वारा उनका सम्मान भी किया गया।मिशन के पहले ही दिन कार्तिक जोशी को प्रकृति की कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ा। 11,575 फीट की ऊंचाई पर स्थित जोजिला दर्रे को पार करते समय उन्हें बर्फबारी, बारिश, कड़ाके की ठंड और कीचड़ भरे रास्तों जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। हर कदम बेहद सावधानी से रखना पड़ रहा था, लेकिन उनके हौसले ने हार नहीं मानी।इन विपरीत हालातों के बावजूद कार्तिक ने पहले दिन 56.8 किलोमीटर की दूरी तय की और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जोजिला दर्रा सफलतापूर्वक पार कर लिया।यह मिशन अब सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं रह गया है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है। कार्तिक जोशी का यह साहसिक प्रयास इंदौर के नाम को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
