(खबर सत्याग्रह)इंदौर जिले के महू क्षेत्र में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम संतेर (किशनगंज) स्थित एमके होटल को सील कर दिया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से होटल का निरीक्षण किया।जांच के दौरान सामने आया कि होटल अवैध रूप से ग्राम के सरपंच पति मनोज कौशल द्वारा संचालित किया जा रहा था। यहां बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही थी। मौके पर आबकारी विभाग को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई करवाई गई।निरीक्षण में यह भी पाया गया कि होटल में फायर सेफ्टी के कोई मानक मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसके अलावा होटल में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था, जिस पर फूड विभाग ने भी कार्रवाई की।प्रशासन ने यह भी पाया कि जिस भवन में होटल संचालित हो रहा था, उसके लिए पंचायत और राजस्व विभाग से कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी। इन सभी गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
