कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा “ऑपरेशन टोटल क्लीन” अभियान के अंतर्गत आज भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही की गई। अभियान हेतु गठित 4 अलग-अलग टीमों द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मदिरा दुकानों एवं उनके आसपास सघन निरीक्षण किया गया।अभियान के दौरान मदिरा दुकानों के आसपास साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जिन स्थानों पर अस्वच्छता पाई गई, वहां संबंधित अनुज्ञाधारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए तथा मौके पर सफाई भी कराई गई। साथ ही दुकानों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु निजी सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति सुनिश्चित कराई गई।शहर हित एवं स्वच्छता अभियान में अनुज्ञाधारियों द्वारा भी उत्साहपूर्वक सहभागिता दिखाई जा रही है तथा दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है।कार्यवाही के दौरान दुकान के आसपास अवैध रूप से मदिरापान करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। अभियान के दौरान कुल 28 प्रकरण कायम कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।आज अभियान के अंतर्गत बाणगंगा क्रमांक-02, इमली बाजार, रोशन सिंह भंडारी मार्ग, कनाड़िया बायपास चौराहा, बंगाली चौराहा क्रमांक-01, भागीरथपुरा, ट्रांसपोर्ट नगर, खंडवा नाका, हीरा नगर, एमआर-10, द्वारकापुरी, लोहामंडी, जूनी इंदौर, जवाहर मार्ग, गौरी नगर, गंगा नगर एवं सिरपुर तालाब क्षेत्र स्थित मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया।
