इंदौर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम और शहर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। मंगलवार को शहर के विभिन्न जोन कार्यालयों के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पानी की समस्या को लेकर मटके फोड़कर विरोध जताया। जोन-5 के सुखलिया चौराहा स्थित पानी की टंकी के पास कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया के नेतृत्व में रहवासियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में नर्मदा जल की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। जहां पानी पहुंच रहा है, वहां भी कम दबाव और सीमित समय तक सप्लाई मिल रही है। कई क्षेत्रों में गंदे पानी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इंदौर की बड़ी आबादी आज भी पर्याप्त पानी से वंचित है। उन्होंने कहा कि वर्षों से किए गए दावों के बावजूद हर घर तक नर्मदा जल नहीं पहुंच पाया है। साथ ही गर्मी बढ़ने से कई बोरिंग सूख गई हैं और खराब मोटरों की मरम्मत समय पर नहीं होने से संकट और गहरा गया है।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में पानी का वितरण समान रूप से नहीं हो रहा है और कुछ क्षेत्रों में अधिक सप्लाई दी जा रही है, जबकि आम लोग पानी के लिए परेशान हैं। कई परिवार निजी टैंकरों से महंगा पानी खरीदने को मजबूर हो रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जल संकट का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा। कांग्रेस ने सभी क्षेत्रों में नियमित पानी सप्लाई, खराब बोरिंग-मोटरों की मरम्मत और जल वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की है।


