इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां एक पिता ने अपने ही बेटे और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय साजिद खान पर उसके पिता जाहिद ने चाकू से हमला किया। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह जब साजिद घर में सो रहा था, तभी आरोपी पिता ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में साजिद के पैर में गंभीर चोट आई।वहीं बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां शमा भी हमले की चपेट में आ गईं और उनके हाथ में चोट लगी। घटना के बाद दोनों घायलों को परिचित इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जाहिद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है।
