Oplus_131072
इंदौर पुलिस को भी चलाते रहना चाहिए ऐसे अभियान
सूरत के लसकाणा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में बढ़ती मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर पुलिस ने अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने लाइव प्रैक्टिकल डेमो के जरिए दिखाया कि किस तरह बदमाश पलक झपकते ही लोगों का मोबाइल छीनकर फरार हो जाते हैं।डेमो के दौरान पुलिसकर्मियों ने खुद स्नैचर्स की भूमिका निभाई और लोगों को समझाया कि सड़क किनारे मोबाइल इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी असावधानी भी भारी पड़ सकती है। अचानक बाइक या पैदल पहुंचकर मोबाइल छीनने की घटनाओं को हूबहू दिखाया गया, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह गए।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। साथ ही पुलिस स्टाफ को भी ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।लसकाणा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी इस तरह के जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत महसूस की जा रही है। शहर में लगातार बढ़ती मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए इंदौर पुलिस यदि समय-समय पर ऐसे लाइव डेमो और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करे, तो आम लोगों में सतर्कता बढ़ेगी और अपराधों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी। ऐसे अभियान न सिर्फ जनता को जागरूक करेंगे, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच भरोसा भी मजबूत करेंगे।
