‘अनवर डकैत’ और भू-माफिया हेमंत यादव भिड़े, मुलाकात खिड़की बनी विवाद की वजह

इंदौर की इंदौर सेंट्रल जेल शनिवार शाम अचानक तनाव का केंद्र बन गई, जब जेल के भीतर बंद हाईप्रोफाइल बंदियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद जेल प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक जेल नंबर-6 की बैरक में बंद कुख्यात भू-माफिया हेमंत यादव, पूर्व पार्षद अनवर कादरी उर्फ “अनवर डकैत” और कृष्णपाल सिंह उर्फ “डॉन” के बीच विवाद मुलाकात के दौरान शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि नंदानगर निवासी कृष्णपाल सिंह उर्फ डॉन के जन्मदिन पर उसके साथी प्रदीप यादव, गोलू तिवारी और अन्य लोग जेल में मुलाकात करने पहुंचे थे। इसी दौरान खिड़की पर फोन से बातचीत को लेकर कहासुनी शुरू हुई।सूत्रों के अनुसार, हेमंत यादव और अनवर डकैत के बीच पहले बातचीत खत्म करने को लेकर बहस हुई, जो कुछ ही मिनटों में तीखी झड़प में बदल गई। आरोप है कि अनवर डकैत ने हेमंत यादव को धक्का दे दिया, जिसके बाद कृष्णपाल सिंह उर्फ डॉन भी बीच में कूद पड़ा और दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख जेल प्रहरियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर तीनों को अलग किया और मुलाकात बंद करवा दी।घटना के बाद जेल प्रशासन ने अनवर डकैत की सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त प्रहरी तैनात किए गए हैं। हालांकि पूरे मामले में जेल प्रशासन ने आधिकारिक बयान देने से फिलहाल परहेज किया है, लेकिन अंदरखाने इस घटना को जेल के भीतर बढ़ते प्रभाव और गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।
• मुलाकात व्यवस्था पर भी उठे सवालसूत्रों का दावा है कि कृष्णपाल सिंह उर्फ डॉन का जेल में खासा प्रभाव है और वह अक्सर मुलाकात खिड़की पर अपने समर्थकों से लंबे समय तक बातचीत करता है। जबकि जेल नियमों के अनुसार सप्ताह में सिर्फ दो दिन ही मुलाकात की अनुमति होती है। ऐसे में लगातार मुलाकात होने के आरोपों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
• डॉक्टर पर हमले की साजिश में बंद है हेमंत यादवहेमंत यादव का नाम विजयनगर इलाके में एक डॉक्टर पर हमले की साजिश रचने के मामले में सामने आया था। दिसंबर 2025 में डॉ. शिवकुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बदमाशों ने उनकी कार रोककर हमला किया और वाहन में तोड़फोड़ की। पुलिस जांच में दावा किया गया था कि इस हमले की पूरी साजिश जेल के भीतर से रची गई थी। हेमंत यादव पर दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं।
• ‘लव जिहाद’ फंडिंग केस में जेल में है अनवर कादरीवहीं पूर्व पार्षद अनवर कादरी उर्फ “अनवर डकैत” कथित ‘लव जिहाद’ फंडिंग और अन्य गंभीर मामलों में जेल में बंद है। जांच में आरोप लगा था कि युवतियों को फंसाने और शादी के लिए आर्थिक मदद दी जाती थी। मामला सामने आने के बाद उसकी पार्षद सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। अनवर का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है और 90 के दशक के एक डकैती केस के बाद वह “अनवर डकैत” के नाम से चर्चित हुआ था।
• जेल प्रशासन सतर्कदोनों हाईप्रोफाइल बंदियों के बीच हुए इस विवाद के बाद जेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सूत्रों का कहना है कि आगे किसी बड़ी घटना की आशंका को देखते हुए दोनों गुटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जेल के भीतर हुई इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और जेल के अंदर अपराधियों के प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
