ग्वालियर में 21 वर्षीय युवती और सोशल मीडिया पर रील्स बनाने वाली पलक रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। पलक की मौत के बाद परिवार ने ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सेकंड ओपिनियन लेने के साथ सोशल मीडिया पोस्ट और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।जानकारी के मुताबिक, 12 मई को मौत से करीब 30 मिनट पहले पलक ने अपने भाई और पिता को फोन कर कहा था, “मुझे यहां से ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे।” परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो पलक मृत अवस्था में मिली।परिवार का आरोप है कि अप्रैल 2025 में हुई शादी के बाद से ही पलक को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। भाई प्रिंस के अनुसार, ससुराल पक्ष कार की मांग करता था और शादी में मिली एफडी भी जबरन तुड़वाकर रुपए रख लिए गए थे।जांच में यह भी सामने आया है कि पलक मौत से पहले तीन दिन तक भूखी थी और मानसिक तनाव से गुजर रही थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसी कई रील्स और पोस्ट मिली हैं, जिनमें उसने डिप्रेशन, एंग्जायटी, पैनिक अटैक और लगातार रोने जैसी बातों का जिक्र किया था।मौत से दो दिन पहले पोस्ट की गई एक रील में पलक ने लिखा था, “सत्यानाश होने वाले जितने रास्ते थे, मैं सबमें VIP एंट्री लेकर घुस गई।” इस पोस्ट को अब जांच का हिस्सा बनाया गया है।परिजनों का दावा है कि पलक के शरीर पर चोट के निशान थे और मौत से पहले उसने खुद को बचाने की कोशिश की होगी। परिवार इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला फांसी (हैंगिंग) का प्रतीत हो रहा है, लेकिन शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर डॉक्टरों से सेकंड ओपिनियन लिया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



