
इंदौर | खबर सत्याग्रहइंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित गुलाब बाग कॉलोनी में हुए गोलीकांड में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में सामने आया है कि हमलावर वारदात से एक दिन पहले ही इंदौर पहुंच गए थे और मृतक अवितेंद्र सिंह तोमर की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली है और आरोपियों की तलाश में टीमें भिंड व शिवपुरी रवाना की गई हैं।जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात अवितेंद्र पुत्र अटल सिंह तोमर अपनी क्रेटा कार में दो साथियों के साथ बैठा था, तभी दो बाइक पर सवार पांच बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अवितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गोलियां आसपास खड़ी कारों में जा लगीं। हमलावर घटना के बाद फरार हो गए।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में हुए विष्णु यादव हत्याकांड के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि यह वारदात उसी रंजिश का नतीजा हो सकती है।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक दिन पहले इंदौर पहुंचकर लगातार रेकी कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध आरोपी मृतक की गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दिया है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।सूत्रों के अनुसार मामले में गुलशन यादव, गौरव जाट उर्फ डिल्लू समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोपियों पर पहले से भी गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
