इंदौर। “लुटेरी बनी पुलिस!” शीर्षक से प्रकाशित खबर सत्याग्रह की खबर का असर अब इंदौर में भी देखने को मिला है। सूरत पुलिस के मोबाइल स्नैचिंग जागरूकता अभियान को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद इंदौर पुलिस ने भी आमजन को सतर्क करने के लिए इसी तर्ज पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है।इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल और एसीपी पराग सैनी के नेतृत्व में मोबाइल स्नैचिंग रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने लाइव डेमो देकर लोगों को बताया कि किस तरह बदमाश कुछ ही सेकंड में मोबाइल छीनकर फरार हो जाते हैं।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने खुद स्नैचर्स की भूमिका निभाई और राह चलते लोगों को सड़क किनारे मोबाइल इस्तेमाल करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, सुनसान सड़कों और बाइक पर चलते समय मोबाइल का लापरवाही से उपयोग करना अपराधियों के लिए आसान मौका बन जाता है।एसीपी पराग सैनी ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वहीं एसीपी पराग सैनी ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि आमजन अपराधियों के तौर-तरीकों को समझ सकें और खुद को सुरक्षित रख सकें।शहरवासियों ने भी इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जनता को जागरूक करना भी अपराध रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। खबर सत्याग्रह द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद इंदौर पुलिस का यह कदम अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
