
इंदौर। मेघदूत नगर में रविवार सुबह एक दंपती के शव घर के अंदर मिले। बेटी के लगातार रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो पति-पत्नी के शव मिले। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।हीरा नगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के मुताबिक मृतकों की पहचान हल्के वीर पटेल और उनकी पत्नी रोशनी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के कथित प्रेम संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी ने धोखा दिया और उसका सतीश साहू से संबंध था। इसी कारण दोनों जहर खाकर जान दे रहे हैं। नोट में बेटी की जिम्मेदारी साली को सौंपने और संपत्ति बेटी के 18 साल की होने पर देने की बात भी लिखी गई है। साथ ही सतीश साहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मौत के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में दोनों के जहर खाने की बात लिखी है, लेकिन पत्नी रोशनी के गले पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई हो। फिलहाल पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है।परिजनों के मुताबिक एक दिन पहले हल्के वीर, उसकी बहन और जीजा सतीश साहू को समझाने गए थे, जहां उनके साथ मारपीट हुई थी। मृतक ने रात करीब साढ़े तीन बजे परिजनों को मैसेज भेजकर लिखा था कि सुबह थाने पहुंचना और गेट तुड़वाकर ले जाना है। सुबह घर पहुंचने पर दोनों मृत मिले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


